UP Board Solutions for Class 11 Home Science Chapter 14 उद्यान, खेल के मैदान तथा खुले स्थान (Gardens, Playground and Open Places)
UP Board Solutions for Class 11 Home Science Chapter 14 उद्यान, खेल के मैदान तथा खुले स्थान
UP Board Class 11 Home Science Chapter 14 लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
उद्यान किसे कहते हैं? ये कितने प्रकार के होते हैं?
उत्तरः
उद्यान तथा इसके प्रकार –
उद्यान उस स्थान को कहते हैं जहाँ फल-फूल एवं सब्जियों आदि के पेड़-पौधों को प्राकृतिक सौन्दर्य के प्रदर्शन के दृष्टिकोण से लगाया जाता है। ये स्थल रमणीक तथा आनन्ददायक होते हैं। उद्यान अनेक प्रकार के होते हैं; यथा –
- जनता उद्यान
- चिकित्सालय उद्यान
- पाठशाला उद्यान
- गृह उद्यान।
इन सभी प्रकार के उद्यानों का प्रमुख उद्देश्य जनता को शुद्ध वायुयुक्त शान्तिप्रिय स्थान प्रदान करने के साथ-साथ प्रकृति का ज्ञान कराना होता है। अधिकांश जनता नगरों की घनी बस्तियों में रहती है, जहाँ मीलों दूर तक पेड़-पौधे दिखाई नहीं देते हैं। इन घनी बस्तियों में रहने वालों के स्वास्थ्य लाभ के लिए ही सरकार नगर के मध्य भाग के ऐसे स्थान पर जनता उद्यान बनवाती है, जहाँ नगर के अधिकांश लोग स्वेच्छा से आकर पेड़-पौधों की सुन्दरता को देखने के साथ-साथ शुद्ध वायु का सेवन करें, मन बहलाएं और इन प्राकृतिक पौधों के विषय में ज्ञान प्राप्त करें।
पाठशाला भवन की सुन्दरता बढ़ाने तथा बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से अधिकांश स्कूलों में पाठशाला उद्यान लगाया जाता है। इसी प्रकार चिकित्सालय की सुन्दरता बढ़ाने, रोगियों और उनके साथ रहने वालों के मनोरंजन, चिकित्सालय की वायु को शुद्ध करने आदि के उद्देश्य से अस्पतालों के मैदान में चिकित्सालय उद्यान लगाए जाते हैं। कुछ घरों में भी भवन के आगे अथवा पीछे उपलब्ध खुले स्थान पर लघु वाटिका या उद्यान बना लिया जाता है। इस प्रकार के उद्यान को गृह उद्यान कहा जाता है।
प्रश्न 2.
उद्यानों की उपयोगिता स्पष्ट कीजिए।
अथवा
नगरों में सार्वजनिक उद्यानों का महत्त्व लिखिए।
अथवा
मानव जीवन में उद्यानों की उपयोगिता लिखिए।
उत्तरः
उद्यानों का महत्त्व प्रत्येक व्यक्ति को शुद्ध वायु की आवश्यकता होती है। शुद्ध वायु के अभाव में अनेक प्रकार के रोग फैलते हैं, जिनसे व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब हो जाता है तथा मृत्यु दर बढ़ जाती है। यही कारण है कि जहाँ कहीं भी थोड़े-से स्थान में अधिक लोग रहते हैं या सघन आबादी होती है, वहाँ स्वच्छ वायु और सूर्य के प्रकाश की कमी के कारण रोगों का साम्राज्य होता है तथा बालकों की मृत्यु-दर अधिक होती है। इन्हीं बुराइयों को दूर करने के उद्देश्य से नगर निर्माण के समय इस बात पर ध्यान दिया जाता है कि प्रत्येक मकान में सूर्य का प्रकाश और वायु का अच्छा आवागमन हो और कूड़े-करकट तथा गन्दे पानी के निकास का उचित प्रबन्ध हो ताकि गन्दगी न फैल सके।
इन स्थानों या मकानों में रहने वालों को बाग की शुद्ध वायु और पेड़-पौधों के सम्पर्क में लाने के लिए सरकार जनता उद्यान बनवाती है। इसके अतिरिक्त यहाँ छायादार सघन वृक्ष लगाए जाते हैं ताकि उनके नीचे बैठकर व्यक्ति प्रकृति का आनन्द उठा सके। यहाँ घुमावदार सुन्दर रास्ते तथा घास के सुन्दर मैदान इत्यादि इसीलिए बनाए जाते हैं ताकि अधिक-से-अधिक लोग यहाँ घूमकर या बैठकर शुद्ध वायु प्राप्त कर सकें। घरों में खुले स्थान का अभाव होने की स्थिति में अनेक व्यक्ति इन उद्यानों में ही आकर व्यायाम अथवा योगाभ्यास करते हैं।
इस प्रकार उद्यान, वायु को शुद्ध करने (वायु प्रदूषण समाप्त करने), मनोरंजन, ज्ञानवर्द्धन, स्वास्थ्य आदि के अत्यन्त महत्त्वपूर्ण स्थान हैं।
प्रश्न 3.
टिप्पणी लिखिए-खेल के मैदान, खले स्थान व पार्क।
अथवा
टिप्पणी लिखिए-खेल के मैदानों तथा खुले स्थानों का महत्त्व।
उत्तरः
खेल के मैदान, खुले स्थान व पार्क –
जनता के स्वास्थ्य एवं मनोरंजन के उद्देश्य से नगरपालिका अथवा कुछ अन्य संस्थाओं द्वारा नगर में खेल के मैदान, खुले स्थानों एवं पार्कों की व्यवस्था की जाती है। इन स्थानों में लोग प्रात:काल या सन्ध्या के समय टहलने आते हैं और दिन के समय बालक, युवा, स्त्री, पुरुष आदि अनेक प्रकार से अपना मनोरंजन करते हैं। कोलकाता, मुम्बई, दिल्ली जैसे बड़े नगरों में, जहाँ 6-7. मंजिल के फ्लैटों में लोग रहते हैं, सन्ध्या के समय अपनी थकान उतारने और मनोरंजन के लिए ये इन स्थानों पर भ्रमण करते हैं इसलिए इन स्थानों में बाल उद्यानों (Children’s Park) के बनाने का विशेष आयोजन किया जाता रहा है।
इन उद्यानों में बालकों के खेलने के सभी प्रकार के उपकरण रखे जाते हैं। यहाँ आकर बच्चे खेल-खेल में शारीरिक व्यायाम और शुद्ध वायु का सेवन दोनों ही कार्य करते हैं। इस प्रकार उद्यानों के द्वारा शारीरिक और मानसिक विकास होता है। शुद्ध वायु और शुद्ध व ताजे फल और सब्जियाँ प्राप्त होती हैं जिनसे व्यक्ति का स्वास्थ्य अच्छा रहता है। स्कूल या पाठशाला में उद्यान बनवाने का भी यही उद्देश्य होता है कि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास साथ-साथ हो और उनका स्वास्थ्य अच्छा बना रहे।
पार्क नगर की शोभा में भी वृद्धि करते हैं तथा पर्यावरण में आवश्यक सन्तुलन बनाए रखने में भी सहायक होते हैं।
प्रश्न 4.
हमारे लिए वनों का क्या महत्त्व है?
उत्तरः
वनों का महत्त्व –
स्वास्थ्य की दृष्टि से वन अत्यन्त महत्त्वपूर्ण होते हैं। इनके महत्त्व का विवरण इस प्रकार दिया गया है
- वनों से ही वातावरण का प्रदूषण (Pollution) नियन्त्रित होता है।
- वनों से वायुमण्डल में कार्बन डाइऑक्साइड की बढ़ी हुई मात्रा कम की जाती है तथा ऑक्सीजन की कमी को पूरा किया जाता है। ऑक्सीजन स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए ही नहीं बल्कि जीवित रहने के लिए भी आवश्यक है।
- वनों से अनेक प्रकार के खाद्य पदार्थ प्राप्त होते हैं जो भोजन की समस्या को हल करते हैं।
- अनेक प्रकार की औषधियाँ वनों से ही प्राप्त होती हैं जो अनेक प्रकार के रोगों से शरीर को – मुक्त कराती हैं।
- वनों के उचित अनुपात से पृथ्वी के तल का तापमान भी नियमित रहता है तथा अधिक नहीं बढ़ता। यदि पृथ्वी पर वनों का क्षेत्र घटता है तो निश्चित रूप से पृथ्वी तल के तापमान में वृद्धि होगी।
- वन वर्षा लाने में सहायक होते हैं तथा साथ ही बाढ़-नियन्त्रण में भी योगदान देते हैं। पेड़ मिट्टी के कटाव को रोकते हैं।
प्रश्न 5.
स्कूल में खुले स्थानों तथा खेल के मैदानों के महत्त्व का उल्लेख कीजिए।
अथवा
विद्यालयों में खेल के मैदान का क्या महत्त्व है?
अथवा
खेल के मैदान की क्या उपयोगिता है?
उत्तरः
अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-कूद, व्यायाम आदि आवश्यक हैं। शारीरिक विकास यदि पूर्ण रूप से नहीं हुआ तो मस्तिष्क भी भली-भाँति विकसित नहीं हो सकेगा। स्वास्थ्य तथा शरीर के भली-भाँति विकास के लिए अन्य बातों के अतिरिक्त दो बातें सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण हैं –
- शुद्ध अप्रदूषित पर्यावरण तथा
- खेल-कूद, व्यायाम, प्राणायाम, योग आदि।
उपर्युक्त दोनों आवश्यकताओं के लिए विद्यार्थियों के प्रयोगार्थ विद्यालय में खुले स्थानों तथा खेल के मैदानों की अति आवश्यकता होती है।
स्कूलों में खुले स्थानों का महत्त्व –
पर्यावरण की शुद्धता, किसी भी स्थान पर, वहाँ उपलब्ध खुले स्थानों पर निर्भर करती है। विद्यालयों में विद्यार्थी यदि अध्ययन कक्ष में ही रहता है तो उसके अध्ययन कक्ष के आस-पास ऐसे खुले स्थान होने आवश्यक हैं जिनसे कमरों में वायु का आवागमन हो सके। मानसिक विकास भी बिना शुद्ध पर्यावरण के सम्भव नहीं है। इसके अतिरिक्त, खुले स्थान विद्यालय का आकर्षण बढ़ाते हैं, इस प्रकार ये मनोरंजन के लिए भी आवश्यक हैं। समय-समय पर अथवा विशेष अवसरों पर सांस्कृतिक, सामाजिक आदि समारोहों, आयोजनों अथवा उत्सवों के लिए भी इस प्रकार के स्थलों का होना महत्त्वपूर्ण है।
स्कूलों में खेल के मैदानों का महत्त्व –
खेल-कूद से मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक विकास में भी सहायता मिलती है। खेल-कूद के अनेक लाभ हैं; जैसे –
- शरीर हृष्ट-पुष्ट होता है।
- समय का सदुपयोग होता है। बच्चा गन्दी आदतों आदि से बचा रहता है।
- सहकारिता की भावना बढ़ती है क्योंकि वे साथ-साथ खेलते-कूदते हैं।
- चारित्रिक तथा नैतिक विकास होता है।
- श्वसन क्षमता में वृद्धि होने से मानसिक पुष्टता में भी वृद्धि होती है। स्पष्ट है खेलकूद के लिए विद्यालयों में खेल के मैदान अत्यन्त महत्त्वपूर्ण हैं।
UP Board Class 11 Home Science Chapter 14 अति लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर
प्रश्न 1.
उद्यान से क्या आशय है?
उत्तरः
उद्यान उस स्थान को कहते हैं जहाँ फल-फूल एवं सब्जियों आदि के पेड़-पौधों को प्राकृतिक सौन्दर्य के प्रदर्शन के दृष्टिकोण से लगाया जाता है।
प्रश्न 2.
उद्यानों के मुख्य प्रकार कौन-कौन से होते हैं?
उत्तरः
उद्यानों के मुख्य प्रकार हैं-जनता उद्यान, चिकित्सालय उद्यान, पाठशाला उद्यान तथा गृह उद्यान।
प्रश्न 3.
उद्यान का क्या महत्त्व है? अथवा उद्यानों की उपयोगिता स्पष्ट कीजिए।
उत्तरः
उद्यान वायु-प्रदूषण को नियन्त्रित करते हैं। ये जन-सामान्य के लिए मनोरंजन, ज्ञानवर्द्धन तथा स्वास्थ्यवर्द्धन के प्राकृतिक साधन हैं।
प्रश्न 4.
पेड़-पौधों से मुख्य लाभ क्या होता है?
उत्तरः
पेड़-पौधे ऑक्सीजन विसर्जित करके तथा कार्बन डाइ-ऑक्साइड ग्रहण करके वातावरण को शुद्ध बनाए रखते हैं।
प्रश्न 5.
विद्यालय में खेल के मैदान क्यों आवश्यक होते हैं?
उत्तरः
विद्यालय के छात्रों के खेलने तथा उत्तम संवातन के लिए खेल के मैदान आवश्यक होते हैं। प्रश्न 6-वनों का मुख्य महत्त्व क्या है? उत्तर-वन पर्यावरण में सन्तुलन बनाए रखते हैं।
UP Board Class 11 Home Science Chapter 14 बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तर
निर्देश : निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर में दिए गए विकल्पों में से सही विकल्प का चयन कीजिए –
1. नगरों में उद्यानों की उपयोगिता है –
(क) नागरिकों के भ्रमण के स्थल हैं
(ख) बच्चों के खेलने के स्थल हैं
(ग) नगर की शोभा में वृद्धि करते हैं
(घ) उपर्युक्त सभी उपयोगिताएँ।
उत्तरः
(घ) उपर्युक्त सभी उपयोगिताएँ।
2. हमारे लिए वन महत्त्वपूर्ण हैं –
(क) पर्यावरण में सन्तुलन बनाए रखने के लिए
(ख) लकड़ी, औषधियाँ एवं अन्य सामग्रियों की प्राप्ति के लिए
(ग) वर्षा को आकर्षित करने तथा बाढ़-नियन्त्रण के लिए
(घ) उपर्युक्त सभी महत्त्व।
उत्तरः
(घ) उपर्युक्त सभी महत्त्व।